भागलपुर पुलिस को मोबाइल चोरी और छिनतई करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। ‘हॉट-स्पॉट’ छापेमारी अभियान के तहत विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से चोरी के मोबाइल का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार, 16 मार्च को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध सामान के साथ परबती से आशानन्दपुर की ओर आ रहा है। इसके बाद नगर पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष अभिनाश राउत के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
उर्दू गर्ल्स हाईस्कूल के पास पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पैरिया (अमडंडा) निवासी अभिमन्यु कुमार को संदिग्ध स्थिति में रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 40 चोरी के मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और ₹300 नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिमन्यु कुमार (पिता: संजय मंडल) के रूप में हुई है। पुलिस ने विश्वविद्यालय थाना कांड संख्या-32/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में विश्वविद्यालय थाना के साथ DIU (जिला आसूचना इकाई) की टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ